संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बेसहारा लोगों को सर्दी के मौसम चैन की नींद सोने के लिए बुधवार को शहर के रैन बसेरों पर लगे ताले खोल दिए जाएंगे। ऐसे में ये लोग अब सुकून की नींद ले सकेंगे। रैनबसेरों में नगर निगम की ओर से सफाई करवा दी गई है।
इसके अलावा इनमें बिस्तर, बेड शीट, पीने के पानी, लाइट, सैनिटाइजर, मास्क व अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करवाई गई है। रैन बसेरे रोजाना शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक खुले रहेंगे। सभी रैन बसेरों में नियमित सफाई की जाएगी। इसी कड़ी में मंगलवार को शेल्टर मैनेजमेंट कमेटी की बैठक हुई।
कमेटी चेयरमैन एवं नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर ने कमेटी के सभी सदस्यों को रैन बसेरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को रैन बसेरों का निरीक्षण कर सभी सुविधाएं दुरुस्त कराने के लिए कहा। रेडक्रॉस के अधिकारियों व कर्मचारियों को साफ सुथरे बिस्तर रखने और रोजाना बेडशीट बदलने, नगर निगम सीएसआई को सफाई व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए। इल मौके पर सीपीओ नवीन कुमार, रोडवेज टीएम संजय रावल, एमई वरुण, सीएसआई हरजीत सिंह, सीएसआई सुरेंद्र चोपड़ा, रेड क्रॉस डीटीओ शशि भूषण व रमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
शहर में यहां बने हैं रैन बसेरे
निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि शहर में संत निरंकारी भवन के सामने स्थित सुलभ शौचालय के ऊपर, वर्कशॉप रोड पर यमुनानगर बस स्टैंड के पास, बस स्टैंड जगाधरी स्थित शुलभ शौचालय के ऊपर, रेलवे स्टेशन चौक के नजदीक रिक्शा स्टैंड के पास बने रैन बसेरों को एक दिसंबर को खोल दिया जाएगा। संत निरंकारी भवन के सामने स्थित शुलभ शौचालय के ऊपर बने रैन बसेरे में 12 पुरुषों और 12 महिलाओं, वर्कशॉप रोड पर यमुनानगर बस अड्डे के पास बने रैन बसेरे में 10 पुरुषों और 10 महिलाओं, बस अड्डे जगाधरी स्थित शुलभ शौचालय के ऊपर बने रैन बसेरे में 12 महिलाओं और 12 पुरुषों और रेलवे स्टेशन चौक के नजदीक रिक्शा स्टैंड के पास बने रैन बसेरे में 10 पुरुषों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।