दशमेश साहिब ए कमाल गुरु गोबिद सिंह महाराज का प्रकाशोत्सव जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया। गुरुपर्व पर जिले के तमाम गुरुद्वारों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। रविवार को जिले के तमाम गुरुद्वारों में विभिन्न कार्यक्रम हुए। इस दौरान शब्द कीर्तन दरबार सजाएगे, लंगर लाकर लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। शहर में नेहरू पार्क के सामने स्थित गुरुद्वारा में प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में करवाया जा रहा अंखड पाठ का रविवार को भोग डाला गया। भारी बारिश के बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वार माथा टेक अरदास करने पहुंचे। यहां पर रागी जत्थों ने संगत को शबद व गुरुवाणी से निहाल किया। इसके अलावा शहर में कई जगह स्टाल लगाकर लोगों को गर्म दूध, ब्रैड पकौड़ा सहित विभिन्न प्रसाद वितरित किया गया।
हनुमान गेट स्थित गुरुद्वारा पातशाही दसवीं में गुरु गोविंद सिंह महाराज का प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। गुरुद्वारा प्रधान करतार सिंह ने बताया रविवार सुबह नौ बजे श्रीगुरु ग्रंथ साहब के अखंड पाठ का समापन किया गया। गुरु पर्व के उपलक्ष में गत माह से प्रभात फेरी निकाली जा रही थी, जिसका समापन 30 दिसंबर को हुआ। वहीं शनिवार को गुरुद्वारा की ओर से नगर कीर्तन निकाला गया। पंच प्यारों की अगुवाई में श्रीगुरु ग्रंथ साहिब की पालकी का शहर का भ्रमण करवाया गया। नगर कीर्तन में शब्दी जत्थे, गतका अखाड़ा के खिलाड़ियों ने तलवारबाजी व अन्य जौहर दिखाकर लोगों को हैरान कर दिया। गुरु दर्शन कर माथा टेकने के लिए सड़क के दोनों लोगों की भीड़ जमा रही। लोगों ने पुष्प वर्षा कर पालकी का स्वागत किया। बैंड, ढोल व अन्य संगीत वाद्य मुख्य आकर्षण रहे। कोरोना के नियमों के अंतर्गत नगर कीर्तन करीब चार बजे पूर्ण हुआ। वहीं रविवार को कीर्तन दरबार सजाया गया। जिसमें रागी जत्थों ने शबद गायन से संगत को निहाल किया। रागी अवतार सिंह वोटर अमृतसर, नरेंद्र सिंह अंबाला, जसविंद्र सिंह चंडीगढ़ व प्रगट सिंह करनाल ने शबद व गुरुवाणी से संगत को निहाल किया। इस दौरान गुरुद्वारा प्रधान करतार सिंह, मोहन सिंह वधावन, सविंद्र सिंह चंडोक, हरभजन सिंह बाबा ने संगत को गुरु पर्व व्यवस्था देखी। वहीं कार्यक्रम का संचालन हरपाल सिंह आनंद ने किया।