पांच बदमाशों ने खुद को सीआईए स्टाफ बताकर तीन दोस्तों से मारपीट कर लूटपाट की। उससे सात हजार रुपये, मोबाइल व डेबिट कार्ड लूट ले गए। इसके बाद आरोपी उन्हें धमकाते हुए फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित युवकों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। छछरौली पुलिस ने मामले में पांच युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव इस्माइलपुर निवासी आकाश ने छछरौली थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मानकपुर फैक्टरी में नैपकीन बनाने का काम करता है। मंगलवार देर शाम को वह गांव से बाइक पर अपने दोस्त राहुल व सोनू के साथ नया मोबाइल खरीदने के लिए छछरौली आ रहा था। जब वे छछरौली की दीप मार्केट के नजदीक पहुंचे तो दो बाइकों पर पांच लड़के वहां पर आए गए। इनमें से दो लड़कों के पास डंडे थे।
एक लड़के मन्नी ने कहा कि वह सीआईए स्टाफ से है। उसके कंधे पर हाथ रखकर आरोपी एक तरफ ले गया। आरोपी उसे कहने लगा कि उसकी मोबाइल से वीडियो बनाएंगे। इसमें उसे अपना नाम व पता बोलना है। फिर सुबह सीआईए स्टाफ में आ जाना। आकाश ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : दिवाली: पूजन का है चौघड़िया मुहूर्त, सही समय में सही पूजा देगी शुभ फल, जानें शुभ मुहूर्त
जेब से सात हजार रुपये निकाल लिए। उसके साथ दूसरे लड़के सिल्लू गुर्जर ने उसका एटीएम का डेबिट कार्ड व गांव खारवन के कोंटी उर्फ कालू ने उसके दोस्त राहुल का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। अपने स्तर पर जांच करने पर आरोपियों की पहचान गांव बलाचौर निवासी रिंकू, गांव खारवन के कोंटी उर्फ कालू, चुहड़पुर खुर्द के सिल्लू गुर्जर, लेदी के चेतन व ललहाड़ी कलां के मननी के तौर पर हुई। इसकी शिकायत थाने में दी। छछरौली थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।