संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अब जेबीटी अध्यापक कक्षा तीन के बच्चों का गणित और हिंदी भाषा ज्ञान बढ़ाएंगे। इसके लिए जेबीटी अध्यापक ऑनलाइन प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण मार्च तक चलेंगे। प्रशिक्षण राज्य के सभी जिलों में दिया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ब्लॉक स्तर पर यह प्रक्रिया होगी, जिसमें ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार राज्य के सभी जेबीटी अध्यापकों को निपुण हरियाणा मिशन के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें अप्रैल 2022 से शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र से पहले कम से कम तीन माह का विद्या प्रवेश कार्यक्रम का प्रशिक्षण शामिल रहेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले दो माह में खंड स्तर पर सभी जेबीटी के लिए आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का पूरा रिकॉर्ड एबीआरसी, बीआरपी की सहायता से बीईओ की ओर से रखा जा रहा है। साथ ही इसकी रिपोर्ट बनाकर जिला शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध करवाई जा रही है। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले अध्यापकों की सूची को भी तैयार किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में अध्यापकों को बताया जाएगा किस तरह से गणित की संख्या और हिंदी भाषा के ज्ञान केे बढ़ाया जा सकता है। चूंकि छोटी ही कक्षा से बच्चे का ज्ञान बढ़ता है, इससे आगे की कक्षाओं में बच्चों को पढ़ने और विषय समझने में कोई दिक्कत नहीं आती है।
प्रशिक्षण से अध्यापकोें को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। बाद में यही प्रशिक्षण ब्लाक स्तर पर होगा। अध्यापक प्रशिक्षण लेने के बाद बच्चों को सही दिशा देंगे। प्रशिक्षण में गणित और हिंदी पर जोर दिया जा रहा है। - सुमन, जिला परियोजना अधिकारी