रादौर। राजकीय अध्यापक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को राज्य चेयरमैन यशपाल ढांडा व जिला प्रधान अनिल कांबोज के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा से उनके क्षेत्रीय कार्यालय में मिला। यहां पर शिक्षकों ने ऑनलाइन तबादला नीति में संशोधन की मांग का ज्ञापन मंत्री को सौंपा।
इस दौरान उन्होंने नई शिक्षक स्थानांतरण नीति में खंड में 15 वर्ष पूरे करने वाले अध्यापकों का स्थानांतरण अनिवार्य रूप से करने की शर्त का विरोध किया। संघ चेयरमैन यशपाल ढांडा ने कहा कि ब्लॉक में 15 वर्ष पूरे करने वाले शिक्षकों का अनिवार्य स्थानांतरण अव्यवहारिक व असंवैधानिक है।
इससे दूर दराज के ज्यादातर स्कूल अध्यापक रहित हो जाएंगे। पहले से ही अनेक विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है। संघ जिला मुख्य संरक्षक साहब सिंह ने कहा कि स्थानांतरण के समय सभी स्कूलों की सभी विषयों की कैप्ट पोस्ट खोली जाए। उन्होंने बताया कि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मौके पर शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा को फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने संघ को आश्वासन दिया कि वे इस बारे में शीघ्र ही शिक्षामंत्री व विभाग के उच्चाधिकारियों से बात करेंगे।