Sweety in 100 meters race, Raman tops in Matka race
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से शनिवार को तेजली खेल परिसर में ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिसमें खंड जगाधरी की ग्रामीण क्षेत्र की करीब 200 महिलाओं ने अपना दमखम दिखाया। 100 मीटर दौड़ में दुसानी की स्वीटी व 400 मीटर में धौडंग की पूजा ने प्रथम स्थान हासिल किया। मटका रेस में गांव कलानौर की रमन पहले स्थान पर रही।
प्रतियोगिता की विजेताओं को विभाग की तरफ से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ सीमा प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान जगाधरी ब्लॉक की महिलाओं को बेस्ट मदर का अवॉर्ड भी दिया गया। जिसमें गांव जयपुर की कविता रानी को पहला, गांव टापू कमालपुर की सुरजीत कौर को दूसरा व गांव आहलूवाला की डिंपल को तीसरा स्थान मिला। वहीं खेल प्रतियोगिताओं में मटका रेस में गांव कलानौर की रमन ने पहला, दुसानी की मनजीत ने दूसरा व लापरा की रजनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
100 मीटर दौड़ में गांव दुसानी की स्वीटी ने पहला व योगिता ने दूसरा व लापरा की आरती ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। आलू दौड़ में गांव सुघ माजरी की कांता रानी ने पहला, टापू कमालपुर की मनीषा को दूसरा व कैल की बबीता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 300 मीटर दौड़ में गांव रतनगढ़ की तमन्ना ने पहला व रजनी ने दूसरा तथा रोडछप्पर की अनामिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में गांव धौड़ंग की पूजा ने पहला, मंडौली की नेहा ने दूसरा व हरनौल की मोनिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि साइकिल रेस में गांव दुसानी की कर्मजीत ने पहला, आंचल ने दूसरा व गांव महलांवाली की मानसी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान साइकिल की चेन उतरने से एक युवती नीचे भी गिर गई। हालांकि उसे चोट नहीं लगी।
सीमा प्रसाद ने कहा कि महिलाएं दिनभर घर के कामकाज में व्यस्त रहती हैं। वह अपने लिए भी समय नहीं निकाल पाती। महिलाएं तनावग्रस्त न हों इसके लिए उन्हें खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेना चाहिए। इस दौरान महिलाओं व युवतियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई गई।