त्योहारों के बीच नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर चार दिन से चल रही हड़ताल में नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के 723 में से 550 से अधिक सफाई कर्मी काम नहीं कर रहे। शनिवार को भी शेष स्थाई व ठेकेदार के 167 सफाई कर्मी ही काम पर थे। इतने कम सफाई कर्मियों के सहारे दो दिन से सफाई व कचरा उठान के प्रयास हो रहे हैं, पर हड़ताली कर्मियों के विरोध के बीच निगम अफसरों को स्टोर से सफाई व उठान के संसाधन व वाहन निकलने में भी मशक्कत हो रही है।
अफसरों का आरोप है कि हड़ताली कर्मी सफाई व उठान कार्य में लगे कर्मियों को रोक रहे हैं। इस तरह चार दिन से न तो पूरे निगम क्षेत्र में ठीक से झाडू लग पाई और न कचरे का उठान हो पाया है। आलम ये हैं कि देहात से शहर तक कचरे के ढेर लग गए हैं। इन हालात बीच चीफ सेक्रेट्री ने शनिवार शाम वीसी लेकर डीसी, निगम कमिश्नर को पुलिस की मदद लेकर सफाई कराने के आदेश दे दिए हैं। सीएसआई सुरेंद्र चोपड़ा की मानें तो रविवार (आज) पुलिस की मदद से वार्ड वाइज काम पर आ रहे व ठेकेदार के कर्मियों से सफाई व कचरा उठान कराएंगे। उधर, नगर पालिका संघ के जिला सचिव गुलशन भारद्वाज ने ऐलान किया कि रविवार (आज) को हड़ताली निगम व दमकल कर्मी हाथों में काले झंडे व उल्टे झाडू लेकर सड़क पर उतरेंगे।
हड़ताल के चौथे दिन नगर निगम व दमकल कर्मी नगर निगम यमुनानगर कार्यालय पर जुटे, जहां प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। यहां धरने की अगुवाई नगर पालिका के शाखा वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार धारीवाल व संचालन शाखा सह सचिव रमेश टोडरपुर ने किया। यहां समर्थन में आम आदमी पार्टी से ललित त्यागी, लक्ष्मण विनायक, कमलेश चिनालिया, प्रदीप, विकास जैन, ओमप्रकाश, अवनीश, सुरेश, बिट्टू, मोहित त्यागी, मोहित सिंह, धर्मेंद्र, सन्नी, दीपक यादव व अन्य कार्यकर्ता पहुंचे। प्रधान प्रवेश परोच ने उन्हें अपना मांग पत्र दिया। मौके पर सोमनाथ, विनोद त्यागी, मुख्तयार सिंह, जनकराज, राजकुमार, गुलजार अहमद, गुरनाम सिंह, रिंकू कुमार, विजेंद्र पाल, तरसेम चंद, अमित कांबोज, तेजिंद्र सिंह मौजूद रहे।
-नगर निगम व दमकल के कच्चे कर्मियों को नियमित कर सामान काम सामान वेतन मिले।
-हरियाणा कौशल रोजगार निगम भंग हो।
-सीवर मैन, सफाई कर्मी, फायर मैन, फायर चालक को 4000 रुपये जोखिम भत्ता मिले।
-बिलासपुर व छछरौली उपदमकल केंद्रों के दमकल कर्मियों को पांच वर्ष के अनुभव आधार पर वेतन का लाभ मिले।
-कच्चे दमकल कर्मी 2268 फायर ऑपरेटरों के पदों पर मर्ज हों।
-नियमित दमकल कर्मियों को बिना शर्त एसीपी का लाभ मिले।
-बिना शर्त एक्सग्रेशिया पोलसी बहाल हो।