संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में बेहतर रैंक लाने के लिए नगर निगम गंभीर है। निगम की ओर से जहां हर मार्ग को साफ व सुंदर बनाने का काम किया जा रहा है, वहीं लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस कड़ी में मंगलवार को निगम के उपायुक्त विनोद नेहरा व स्वच्छ भारत मिशन शहरी के सीटीएल मंगलेश कुमार ने स्वच्छता सर्वेक्षण की ब्रांड एंबेसडर डॉ. पायल बख्शी व प्रिया अरोड़ा के साथ बैठक कर चर्चा की। ब्रांड एंबेसडर ने स्लम क्षेत्रों को साफ व सुंदर बनाने के लिए गोद लेने की बात कही।
बैठक में सूखा व गीला कचरा अलग-अलग करने, स्वच्छ हरियाणा ऐप के माध्यम से समस्या का निवारण करवाने को लेकर लोगों को जागरूक करने, स्वच्छता, पोस्टर मेकिंग, ड्राइंग और नुक्कड़ नाटक पर लघु फिल् बनाकर लोगों को जागरूक करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा शादी समारोह, धार्मिक कार्यक्रम व अन्य सामाजिक समारोह में शून्य अपशिष्ट करने पर विचार किया गया।
शहर के पार्कों व अन्य सरकारी दीवारों पर वॉल पेंटिंग करवाने, स्लम क्षेत्र की सफाई और सुंदरीकरण के लिए गोद लेने, शौचालयों के फीडबैक पर जागरूकता, वेस्ट सामग्री से अच्छी चीजें बनाने, पार्क में सेल्फी प्वाइंट बनाने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान दोनों ब्रांड एंबेसडर ने स्लम क्षेत्रों में सफाई कर उनका सुंदरीकरण करवाने की बात कही।
निगम के उपायुक्त विनोद नेहरा ने बताया कि महापौर मदन चौहान व नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर के निर्देशानुसार शहर को साफ व स्वच्छ बनाने के लिए टीमें लगी हुई है। शहर के प्रत्येक मार्ग के किनारों की सफाई की जा रही है। बाजारों में दुकानदारों से कूड़ादान रखने का आह्वान किया गया। ब्रांड एंबेसडर डॉ. पायल बख्शी व प्रिया अरोड़ा भी स्वच्छता को लेकर शहरवासियों को जागरूक कर रही हैं। लोगों को स्वच्छता ऐप के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरवासी किसी भी समस्या का समाधान करवाने के लिए उसकी फोटो स्वच्छता ऐप पर डाले। समस्या का समाधान 12 घंटे के भीतर किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।