संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर में सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी नरेश पाल की देखरेख में खंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं लीगल लिटरेसी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड के सरकारी व निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि सरपंच कीर्ति खुराना व विद्यालय प्रभारी लवनेश कुमार वशिष्ठ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ब्लॉक स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और लीगल लिटरेसी कार्यक्रम में नव ज्ञान ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल व्यासपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय की कक्षा नौवीं की छात्राएं वर्षा और मन्नत ने क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कविता प्रतियोगिता में कक्षा ग्यारहवीं की निधि ने दूसरा स्थान हासिल किया। नशा मुक्ति विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं और दसवीं की छात्राएं इशा, माही, सिमरन, दिव्यांशी, गुरलीन और रूपजोत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लीगल लिटरेसी कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर की रजिया ने प्रथम, राजकीय मॉडल स्कूल बुढ़ेड़ी के यश ने द्वितीय और राजकीय आदर्श संस्कृति विद्यालय की इशा वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कविता पाठन प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श स्कूल व्यासपुर की हर्षिका प्रथम, नव ज्ञान ज्योति स्कूल की निधि द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर की ट्विंकल तृतीय स्थान पर रहीं। विज्ञान प्रदर्शनी के विभिन्न विषयों पर मॉडल मेकिंग में राजकीय स्कूल काठगढ़ की शरणजीत कौर प्रथम रहीं। राजकीय स्कूल अहड़वाला की यश्वनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर की पलक व रिद्धिमा, राजकीय स्कूल फतेहगढ़ तुंबी के भविष्य, राजकीय स्कूल हैबतपुर के अरमान खान, राजकीय मॉडल स्कूल की अनुष्का ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि सरपंच कीर्ति खुराना ने पंच सदस्य डॉ. सुभाष और संदीप कुमार के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच और कानूनी जागरूकता को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में राम नरेश, रितु रानी, राकेश कुमार, पिंकी रानी, रविंद्र कुमार, जगपाल सिंह, मोनिका चौधरी और बेअंत कौर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।