संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में अव्वल रैंकिंग के लिए नगर निगम की ओर से मंगलवार को शहर में रैली निकाली गई। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने व्यवहार में बदलाव की करो तैयारी, स्वच्छता है हम सबकी जिम्मेवारी जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
रैली के लिए दयानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन, श्रृष्टि जन कल्याण समिति व अन्य स्कूलों के विद्यार्थी व संस्थाओं के सदस्य नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। यह रैली नेहरू पार्क से शुरू होकर मेला सिंह चौक, प्यारा चौक से रेलवे स्टेशन रोड से होकर निरंकारी चौक, शहीद भगत सिंह चौक से होती हुई नगर निगम कार्यालय पर संपन्न हुई।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकल की नीति अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें आदि नारे लगाकर शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। वहीं, अतिरिक्त निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव ने कहा कि स्वच्छता के अभाव में अनेक बीमारियां जन्म लेती है जो हमारे लिए घातक है। स्वच्छता अपनाकर बीमारियों को दूर भगाने में सहयोग करना चाहिए। साफ सफाई का विशेष तौर ध्यान रखना चाहिए। स्वच्छता के बिना स्वस्थ शरीर की कल्पना नहीं की जा सकती।