संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से ओलंपियाड परीक्षा करवाई जा रही है। बुधवार को जिलेभर के विद्यालयों में 200 से ज्यादा से विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा में विद्यार्थियों ने अपने तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों की लॉजिक राइजनिंग (तार्किकता) विषय की परीक्षा ली गई। परीक्षा प्रात: व शाम के सत्र में करवाई गई।
इस दौरान एसडी मॉडल स्कूल, आदर्श विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल, शिवालिक एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विश्व भारती पब्लिक स्कूल में करवाई गई। वहीं, सायंकालीन सत्र की परीक्षा अमर उजाला कार्यालय में करवाई गई। इसके अलावा जिले के अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों ने अमर उजाला की साइट पर पंजीकरण के आधार पर परीक्षा दी। इस दौरान परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों के साथ पहुंचे अभिभावकों ने अमर उजाला की योजना की प्रशंसा की। अभिभावकों ने कहा कि इससे बच्चों का मनोबल बढ़ता और अपनी कमियां दूर करने का मौका मिलता है।
अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड का मुख्य उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे न केवल यह जान सकें कि वे अपने समकक्ष विद्यार्थियों के बीच कहां खड़े हैं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का अनुभव भी प्राप्त कर सकें। इस ओलंपियाड के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खुद को परखने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।
मिला प्रमाणपत्र
ओलंपियाड की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर दिए जाने वाले पुरस्कार-जिला स्तर पर परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी को मेडल व प्रमाण पत्र दिया जाएगा। राज्य स्तर पर परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी को नकद पुरस्कार, शील्ड व प्रमाण पत्र राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।