संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दो फीसदी ब्याज पर लिए गए ढाई लाख रुपयों के बदले 1.26 लाख लौटाने पर भी फाइनेंसर ने तीन लाख रुपये बकाया दिखा दिए। साथ ही यह रुपये न देने पर गारंटी के तौर पर अपने पास रखी मकान की रजिस्ट्री से मकान पर कब्जा करने की धमकी दी। इन आरोप में मिली शिकायत पर पुलिस ने फाइनेंसर को विभिन्न धाराओं में नामजद कर लिया।
शिकायत में भारत सेवक नगर निवासी पंकज मल्होत्रा ने बताया कि उनके पिता हरीश कुमार की तबीयत खराब थी। उनके इलाज के लिए श्री बालाजी ट्रेडर्स बूडिया चौक के संचालक भूखड़ी निवासी जोनी कांबोज से ढाई लाख रुपये दो प्रतिशत ब्याज पर लिए थे। जोनी ने रुपये देने से पहले 500 रुपये व 100 रुपये का स्टांप पेपर व दो ब्लैंक चेक और मकान की रजिस्ट्री ली थी।
साथ ही असली आधार कार्ड व पैन कार्ड भी ले लिए थे। जोनी को एक लाख 26 हजार रुपये की राशि ऑनलाइन वापस कर दी थी। अब भी तीन लाख रुपये की राशि बकाया बता रहा है, जो रुपये उसे ऑनलाइन दिए उन्हें वह ब्याज बता रहा है। रुपये न देने पर मकान पर कब्जा करने की धमकी दे रहा है।
वह घर पर आकर धमकी देता है, गाली-गलौज करता है। मोबाइल पर कॉल कर भी धमकी दे रहा है। उसने परेशान होकर आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। जांच अधिकारी राजीव का कहना है कि शिकायत पर आरोपी को नामजद कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है।