रादौर के सरकारी स्कूल के मिड डे मिल में भेजा गया घटिया किस्म का राजमा। पाठक
रादौर। राजकीय विद्यालय में स्थित मिड-डे मील में नौनिहालों को घटिया गुणवत्ता का राशन दिया जा रहा है। घटिया सामग्री से बने खाद्य पदार्थ से बच्चों को पेट में दर्द होने की शिकायतें मिल रही है। मिड-डे-मील बच्चों में पोषण की बजाय बीमारियां भर रहा है। इससे अभिभावकों को बच्चों की चिंता सता रही है।
मिड-डे-मील में घटिया किस्म का राजमा व अन्य खाद्य सामग्री भेजी गई है। इसको अभिभावकों ने उनके बच्चों को स्कूल में भोजन देने से मना कर दिया। इसके बावजूद भी अधिकारियों की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता संदीप सैनी ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर घटिया खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
अभिभावक संजू, अनिल कुमार, सतीश कुमार, रघुबीर, सुभाष, राजपाल ने बताया कि उनके बच्चे शहर के राजकीय विद्यालय में पढ़ते हैं। बच्चों को स्कूलों में घटिया किस्म का भोजन दिया जा रहा है। इससे उन्होंने बच्चों को स्कूल का भोजन खाने से मना कर दिया है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस बारे में प्राथमिक पाठशाला रादौर मुख्याध्यापक रविंद्र कांबोज ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सभी स्कूलों में खाद्य सामग्री भेजी गई है। इसकी शिकायत उन्होंने उच्चाधिकारियों से की है। उनका उद्देश्य बच्चों को अच्छी गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध करवाना है।