शहर के रेलवे रोड, वर्कशॉप रोड समेत कई मुख्य मार्गों व बाजारों में बुधवार को प्यूमा कंपनी अधिकारियों ने पुलिस के साथ छापेमारी की। इस दौरान कई दुकानों से प्यूमा कंपनी का फर्जी मार्का लगा सामान जब्त किया गया। कंपनी व पुलिस द्वारा कार्रवाई करने का पता चलते ही व्यापारिक संगठनों के लोग विरोध में उतर गए। उन्होंने थाने पहुंच दुकानदारों का सामान वापस करने की मांग की। हंगामा बढ़ता देख थाना शहर प्रभारी सुखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों व संगठनों के पदाधिकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार प्यूमा कंपनी के अधिकारियों को शिकायतें मिल रही थी कि शहर में प्यूमा नाम से फर्जी मार्का लगाकर सामान बेचा जा रहा है, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ छवि बिगड़ने की आशंका थी। इसके बाद प्यूमा कंपनी से अधिकृत अधिकारी कृष्णपाल शहर थाना पहुंचे। उन्होंने यहां पुलिस को मामले के बारे में जानकारी दी। फिर पुलिस को साथ शहर में कई जगह छापामारी की। इस दौरान दुकानों से प्यूमा मार्का लगे रेडिमेट गारमेंट, शूज व अन्य सामान जब्त किए गए। दुकानों से छापामारी कर सामान जब्त करने का पता चलते ही दुकानदार व विभिन्न संगठनों से जुड़े व्यापारी व दुकानदार एकत्रित हो गए। उन्होंने कंपनी व पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया और थाने पहुंचकर सामान को वापस करने की मांग की।
दुकानदार पर नहीं, सामान बनाने वाले पर हो कार्रवाई
उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के अध्यक्ष महेंद्र कुमार मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष संजय मित्तल, मीरा बाई मार्केट के प्रधान प्रेम सागर, नरेश सागर, गारमेंट शाखा के प्रधान विकास गाबा, चंद्रमोहन भाटिया, राजेश भोला, राजू ने कहा कि छोटे दुकानदार को छापेमारी कर परेशान किया जाना गलत है। अगर सामान पर लगा प्यूमा मार्का फर्जी है, तब ऐसा सामान बनाने वाले पर कार्रवाई हो। इसके लिए दुकानदार को कार्रवाई कर तंग किया जाना गलत है।
वर्जन
शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि कंपनी के अधिकारियों की फर्जी मार्का लगाकर सामान बेचने की शिकायत आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं अनुसार कार्रवाई की जाएगी।