यमुनानगर। जिला सचिवालय में नशा मुक्ति अभियान सही राह को लेकर बैठक हुई। इस दौरान नशा पीड़ितों को भी बुलाया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने इन पीड़ितों से बातचीत की और उन्हें इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पीड़ितों को समझाया गया कि नशा छोड़ने के लिए आत्मविश्वास जरूरी है। पुलिस की ओर से जो भी सहयोग है। वह पीड़ितों को दिया जाएगा। इसकी नियमित निगरानी के लिए सही राह के सदस्यों की जिम्मेदारी लगाई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साढ़ौरा के 13 वार्डों में कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी नशा पीड़ितों को तलाश रही है। उनका इलाज करा रही है। इसी तरह से यदि कोई नशा बेचता है तो उस पर भी कमेटी निगरानी रखती है। पुलिस को सूचना दे रही है। इसी तरह का प्रयास सभी करें। नशा पीड़ितों को घृणा की नजर न देखें।
उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई नशा पीड़ित है तो उसे समझाएं और इलाज के लिए अस्पताल में बने नशा मुक्ति केंद्र में भिजवाएं। यहां पर डाक्टर उनकी जांच करेंगे। नियमित दवाई खाने व निगरानी से नशे की लत छूट सकती है। काफी लोगों ने नशा छोड़ा है। बैठक में एडिशनल एसपी अमरिंद्र सिंह, अधिवक्ता सुशील आर्य, निरीक्षक अनंत राम, नरेश बक्शी, मनजीत, शीतल पांडे उपस्थित रहे।