यमुनानगर। सदर जगाधरी क्षेत्र के गांव मुंडाखेड़ा में स्मैक का नशा कर पति ने अपनी पत्नी और बेटे से मारपीट की और घर में रखा सामान तोड़ दिया। आरोपी की पत्नी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। महिला की शिकायत पर जब डायल 112 पर तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो आरोपी व्यक्ति ने उन पर भी डंडा से हमला कर दिया। जिसमें एसआई रणबीर सिंह और पुलिसकर्मी अनदीप की वर्दी फट गई। पुलिस ने मामले में आरोपी व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडाखेड़ा निवासी सोनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति रविंद्र सिंह स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों का नशा करता है। नशे में वह अक्सर उसके साथ झगड़ा करता रहता है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसके पति रविंद्र ने उसे उसके 15 वर्षीय बेटे विक्रांत के साथ मारपीट की। घर में रखा फ्रिज, टेलीफोन, शीशे और अन्य सामान तोड़ दिया। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर की। जिसके बाद डायल 112 की गाड़ी उनके घर पर पहुंची। जिसमें एसआई रणबीर सिंह और पुलिस कर्मी अनदीप उनके घर पहुंचे। पुलिस कमिर्यों को देखते ही उसके पति भड़क उठा और घर में रखे डंडा से उन पर हमला कर दिया। इससे पुलिस कर्मी अनदीप व रणबीर की वर्दी फट गई। इससे पहले पुलिस कर्मी संभल पाते आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया।
इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। थाना सदर जगाधरी पुलिस ने मामले में आरोपी रविंद्र के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, वर्दी फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई कर्मबीर का कहना है कि आरोपी स्मैक के नशे में था। स्मैक का नशा करने के बाद उसने शराब का भी सेवन कर लिया। जिससे बाद उसने पहले अपनी पत्नी व बेटे से मारपीट की। बाद में पुलिस कर्मियों पर हमला कर उनकी वर्दी फाड़ दी। आरोपी रविंद्र अभी अस्पताल में उपचाराधीन है। ठीक होते ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।