संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समारोह का आयोजन तेजली स्टेडियम में किया जाएगा। ऐसे में इस समारोह में भाग लेने वाले प्रतिभागी जमकर खेल मैदान पर मेहनत कर रहे।
जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ ने बताया कि समारोह के दौरान शानदार मार्च पास्ट आयोजित होगा। मार्च पास्ट में जिला पुलिस, जिला महिला पुलिस, गृह रक्षी विभाग की टुकड़ी के साथ एनसीसी के लड़के-लड़कियों की टुकड़ियां, गर्ल्स गाइड्स, स्काउट्स और स्कूली बच्चों का बैंड शामिल रहेगा। विद्यार्थी योग क्रियाओं का प्रदर्शन करते हुए सूर्य नमस्कार भी प्रस्तुत करेंगे।
एसडीएम ने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो देशभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे। इस अवसर पर जिले के स्वतंत्रता सेनानियों और युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण जिला प्रशासन द्वारा चयनित विभागों की मनमोहक झांकियां होंगी।
झांकियों में सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की झलक दिखाई देगी। एसडीएम ने बताया कि 24 जनवरी को सुबपह 10 बजे फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी और 26 जनवरी को मुख्य कार्यक्रम होगा। इसके अतिरिक्त उपमंडल स्तर पर भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। उपमंडल स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं।