संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दामला के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर के तीसरे दिन विभिन्न गतिविधियां की गई। स्वयंसेवकों को गतिविधियों माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, अनुशासन और स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने एक लघु नाटिका का मंचन कर संदेश दिया कि जीवन अनमोल है और यातायात नियमों का पालन करना हम सभी के लिए अत्यंत आवश्यक है। नाटिका के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
नाटिका के उपरांत स्वयंसेवकों ने यातायात नियमों पर अपने विचार साझा करते हुए आमजन से नियमों का पालन करने की अपील की। विद्यालय के एनएसएस अधिकारी प्रवक्ता हरिराम ने स्वयंसेवकों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हरी, लाल और पीली बत्ती के महत्व को समझाते हुए सड़क पर चलते समय आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपने जीवन की सुरक्षा करते हैं, बल्कि समाज और देश की प्रगति में भी योगदान देते हैं।
इस अवसर पर गणित अध्यापक प्रवेश कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और लक्ष्य निर्धारण पर प्रेरक संबोधन दिया। वहीं, एनएसएस स्वयंसेवकों ने विद्यालय प्रांगण में स्वच्छता अभियान चलाकर क्यारियों, पार्कों व आसपास के क्षेत्र की सफाई की। अंत में लक्ष्य गीत गाया गया और यातायात नियमों के पालन की शपथ ली गई। इस मौके पर एनएसएस अधिकारी हरिराम, अध्यापक प्रवेश कुमार, अनिल कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।