संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। इन दिनों नगर निगम बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वालों पर बड़ी कार्रवाई कर रहा है। ये कार्रवाई भी रात के अंधेरे में की जा रही। जब तक मालिक सुबह उठते तो उन्हें अपने प्रतिठानोें पर सील लगी मिल रही। इसी कड़ी के तहत निगम ने बुधवार रात नौ से 11 बजे के बीच ट्रैक्टर एजेंसी व दो भंडारण गोदामों नौ व्यावसायिक इकाइयां को सील कर दिया। इनके मलिकाोंो पर पांच-पांच लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स दबाए बैठे हैं।
नोटिस के बाद भी टैक्स जमा न कराने पर नगर निगम की टीम ने इकाइयों को सील करने की कार्रवाई की। इनमें पांच प्रॉपर्टी यमुनानगर जोन व चार प्रॉपर्टी जगाधरी जोन की है। निगम के अनुसार इन मालिकों पर कुल 6918367 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। सभी बकायेदारों को कुछ दिन पहले अंतिम नोटिस जारी किया था।
बकाया टैक्स न देने पर नगर निगम अब तक 17 प्रॉपर्टी सील कर चुका है। कुछ दिन पहले पांच लाख व एक लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स के बकायेदारों को हरियाणा नगर निगम अधिनियम-1994 के तहत अंतिम नोटिस जारी किए गए थे। जिन बकायेदारों ने अभी तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया, उनकी प्रॉपर्टी सील की जा रही है। यमुनानगर जोन में जेडटीओ अजय वालिया व जगाधरी जोन में जेडटीओ एवं कार्यालय अधीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है।
निगम टीम ने ताजकपुर स्थित अंजली का भंडारण गोदाम, बेनी प्रसाद मोहल्ला ट्रक अड्डा स्थित अनिल गुलाटी की दुकान, ममीदी स्थित सुमित धीमान की कृष्णा कम्यूनिकेशन के नाम से बनी दुकान, रेलवे रोड स्थित नवाब चुड़ी वाले की दुकान व रीटा रानी की दुकान को सील किया। जगाधरी जोन में जेडटीओ एवं अधीक्षक प्रदीप कुमार, सहायक रघुबीर, लिपिक अभिषेक, मनीष, चिराग व बिलाल की टीम ने अनाज मंडी स्थित हरियाणा एग्रो एजेंसी के नाम से रामपाल रोहताश की दुकान, पांवटा साहिब रोड पर न्यू सरस्वती कॉलोनी स्थित कपिल खेड़ा की जोन डियर ट्रैक्टर एजेंसी का शोरूम सील किया गया। इसके अलावा पांवटा साहिब रोड जगाधरी स्थित संजीव का रोशन चिकन सेंटर एंड वाइन शॉप व तेजली स्थित संदीप जिंदल की दुकान सील की गई।