जगाधरी। नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने, खुले में गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने जगाधरी के प्रकाश चौक और बूड़िया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच दुकानदारों के चालान काटे।
सफाई निरीक्षक अमित कांबोज के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले प्रकाश चौक पर छापा मारा। यहां दो दुकानदारों की ओर से सड़क तक अतिक्रमण किया गया था। निगम टीम ने मौके पर अतिक्रमण हटवाया और दोनों दुकानदारों के चालान किए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
इसके बाद टीम बूड़िया पहुंची, जहां एक दुकानदार द्वारा दुकान के बाहर खुले में कचरा फैलाया गया था। निगम कर्मियों ने चालान कर गंदगी साफ करवाई। साथ ही दुकानदारों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालने के निर्देश दिए। वहीं दो दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित पॉलिथीन भी बरामद हुई। निगम टीम ने पॉलिथीन जब्त कर दोनों दुकानदारों के चालान किए।
सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने बताया कि एक जुलाई 2022 से पॉलिथीन समेत 19 प्रकार की सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध लागू है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने लोगों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग प्लास्टिक के बजाय कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करें और कचरा खुले में फेंकने की बजाय निगम के वाहनों को दें।