संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेयर मदन चौहान ने सोमवार को वार्ड नंबर 12 का दौरा किया। इस दौरान मेयर चौहान ने वार्ड में हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और घर-घर जाकर समस्याएं सुनीं। मेयर मदन चौहान ने संबंधित अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार कर गलियों व नालियों का निर्माण करने व अन्य समस्याओं को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
मेयर मदन चौहान सुबह पार्षद संजीव कुमार, एक्सईएन रवि ओबरॉय व अन्य अधिकारियों के साथ वार्ड नंबर 12 पहुंचे। यहां उन्होंने शादीपुर व अन्य कॉलोनियों का दौरा किया। मेयर ने घर-घर जाकर लोगों से उनकी समस्याएं जानी। साथ ही गलियों, नालियों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों ने सफाई, गलियों व नालियों का निर्माण करवाने की मांग की।
मेयर चौहान ने संबंधित अधिकारियों को वार्ड की जो गलियां क्षतिग्रस्त व कच्ची है, उनका एस्टीमेट तैयार कर जल्द से जल्द निर्माण करवाने के लिए कहा। साथ ही सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संबंधित सेनेटरी इंस्पेक्टर को निर्देश दिए। मेयर चौहान ने कहा कि हर वार्ड में नगर निगम की ओर से करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सभी वार्डों में पक्की गलियों व अंडरग्राउंड नालियों को निर्माण किया जा रहा है।
इसके अलावा सफाई व्यवस्था व स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी बेहतर किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं व स्वच्छ वातावरण देना है। मेयर चौहान ने कहा कि हम स्वच्छ व साफ शहर बनाना चाहते है। यह तभी संभव है जब शहरवासी इसमें अपना योगदान दें। शहरवासी खुले में कचरा न फेंके। कचरा केवल कूडादान में ही डाले। इससे गंदगी भी नहीं फैलेगी और सफाई कर्मचारियों को कचरा उठाने में दिक्कत भी नहीं आएगी।