संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बेटी की शादी के लिए पैसों का इंतजाम करने की बात कहकर ठगों ने फल और जूस विक्रेता से चार लाख रुपये ठग लिए। सेक्टर-17 जगाधरी थाना क्षेत्र में पशु अस्पताल के पास ठगों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि ठगों ने नए नोटों के बदले पुराने नोट देने और बाद में नए नोट वापस लेने पर अतिरिक्त रकम देने की बात कही।
ठगों ने नोटों के बंडल के ऊपर असली और नीचे बच्चों के खेलने वाले नोट रखकर थमा दिए। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर चले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बसंत विहार बैंक कॉलोनी निवासी अरुण कुमार साहनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फल और जूस की दुकान है।
आरोपी पहले भी उनकी दुकान पर जूस पीने आते थे, लेकिन करीब एक साल तक दुकान पर नहीं आए। पिछले चार दिनों से वे दोबारा लगातार दुकान पर आने लगे थे। इस दौरान ठगों ने बातचीत में अपनी बेटी की शादी होने की बात कहकर नए नोट देने की बात कही। पीड़ित के मुताबिक, ठगों ने बाद में नए नोट वापस लेकर अतिरिक्त रकम देने की बात कही।
उसे अतिरिक्त भुगतान करने का भरोसा दिलाने पर लालच आ गया। उनकी बातों में आकर पीड़ित ने चार लाख रुपये की व्यवस्था कर ली। वारदात के दिन ठग स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर पहुंचे। गाड़ी में दो महिलाएं और पुरुष सवार थे। वाहन की आगे की नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि पीछे नंबर प्लेट लगी हुई थी।
ठगों ने नोटों के बंडल थमा दिए। बंडलों के ऊपर असली नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे बच्चों के चूर्ण की पर्ची वाले नोट रखे हुए थे। ठगों के जाने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। सेक्टर 17 थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।