भारतीय किसान यूनियन की ओर से सोमवार को गांव दामला में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बिजली निगम द्वारा बिजली का बिल अदा न करने वाले किसानों के मीटर उतारे जाने का कड़ा विरोध किया गया। साथ ही ऐसा करने पर बिजली विभाग के कर्मचारियों को बंधक बनाने की चेतावनी दी गई।
भाकियू जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि बिलों की अदायगी को लेकर बिजली निगम ने गांव में जाकर मीटर उतारने का जो अभियान चलाया हुआ है। भारतीय किसान यूनियन उसका कड़ा विरोध करती है और गांव में किसी भी किसान, मजदूर का मीटर उतारने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय किसान के पास कोई फसल तैयार नहीं है, जिसे बेचकर वे अपना बिजली का बिल भर सकें। पिछले 8 महीनों से किसान कृषि कानूनों की वापसी को लेकर सरकार से लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में बिजली अधिकारियों को भी किसानों का साथ देना चाहिए। यदि बिजली विभाग ने यह सिलसिला बंद नहीं किया तो विभाग के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा और बंधक बनाया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि यदि कोई कर्मचारी गांव में आए तो तुरंत इसकी सूचना भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों को दें। उन्होंने कहा कि धान की फसल के बाद ही किसान अपने बिल की अदायगी कर सकता है। इस अवसर पर कर्णवीर सलेमपुर जिला महासचिव, नजीर खान जिला अल्पसंख्यक अध्यक्ष, उदय सिंह कुंजल, बजिंदर सिंह राणा, सुभाष दहिया, पवन कंबोज, सुभाष, पवन गोयल, रणधीर सिंह आदि किसान मौजूद रहे।