संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आईटीआई की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि छात्रा मानसिक तनाव में थी।
मामला थाना शहर यमुनानगर का है। बताया जा रहा है कि लाजपतनगर निवासी सब्जी विक्रेता की बेटी आईटीआई की छात्रा थी। शुक्रवार रात को छात्रा अपने कमरे में थी। उसके पिता मकान की छत पर बेचने के लिए सब्जी साफ कर रहे थे। इसी बीच जब वह नीचे आए तो देखा की छात्रा का शव फंदे पर लटका है।
इससे परिजनों में खलबली मच गई। तुरंत ही छात्रा को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसएचओ शहर थाना यमुनानगर जगदीश चंद्र ने बताया कि परिजनों ने बयान दिया है कि छात्रा मानसिक रूप से तनाव में थी। जिस कारण उसने यह कदम उठाया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।