यमुनानगर। कामीमाजरा गांव में दंपती ने घर में घुसकर व्यक्ति से मारपीट की। व्यक्ति का कहना है कि उसने आरोपी को फर्जी दस्तावेजों से प्रापर्टी आईडी बनाने के लिए मना किया था। इस पर आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उससे मारपीट की। थाना सदर पुलिस ने आरोपी दंपती पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कामीमाजरा निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह कोर्ट परिसर में नोटरी का कार्य करता है। कुछ दिन पहले उनके पास शिवपुरी बी निवासी मोहन लाल अपनी प्रापर्टी आईडी को ठीक कराने के लिए उसके पास आया था। इस दौरान पता लगा कि आरोपी मोहन लाल फर्जी दस्तावेजों पर यह कार्य कराना चाहता है। इस पर उसे मना कर दिया। आरोप है कि इसकी वजह से वह रंजिश रखने लगा। आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन बाद में पंचायती तौर पर समझौता हो गया था।
बाद में फिर से आरोपी धमकी देने लगा। एक दिन मोहनलाल अपनी पत्नी मंजू के साथ उनके घर में घुस गया और उसके साथ मारपीट की। आसपास के लोग एकत्र हुए तो जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद उसके पुलिस को शिकायत दी। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी दंपती पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।