संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बीते मानसून में जिन क्षेत्रों में जलभराव हुआ, उनमें दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए मेयर सुमन बहमनी हर वार्ड का निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में मेयर ने वार्ड 10 और 20 में निर्माणाधीन विकास कार्यों व जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
मेयर सुमन बहमनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत, नालों व सीवरेज की सफाई व निचले इलाकों से पानी निकासी के विशेष प्रबंध करें। बारिश आने पर यदि दोबारा जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
मेयर सुमन बहमनी ने पहले वार्ड नंबर 10 में कनिष्ठ अभियंता अजय व पार्षद प्रतिनिधि पवन प्रताप के साथ कैनाल रेस्ट हाउस से रेलवे स्टेशन चौक तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। मेयर ने यहां सड़क के बीच लगे खंभों को हटवाने के निर्देश दिए। मेयर ने आसपास के लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। यह मार्ग शहर की लाइफ लाइन है। इससे रोजाना हजारों लोग शहर आते जाते है। इसलिए इसका जल्द निर्माण करना सुनिश्चित करें। इसके बाद मेयर सुमन बहमनी ने पार्षद विक्रम राणा, राहुल पांडे, कनिष्ठ अभियंता प्रशांत राणा, कनिष्ठ अभियंता तुलसी के साथ वार्ड 20 की अमरपुरी, ईश्वर नगर, ससौली रोड का जायजा लिया।
बारिश के दिनों में यहां जलभराव की स्थिति रहती है। निगम अधिकारियों ने बताया कि समस्या के स्थाई समाधान के लिए यहां आईपीएस लगाया जाना है। इसके अलावा कॉलोनियों में पानी निकासी के लिए पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। आईपीएस लगने से यहां जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान होगा। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख और अंडरग्राउंड नालों की तत्काल सफाई कराई जाए, सीवरेज लाइनों की जांच कर जाम की समस्या दूर की जाए।