रादौर। सहारनपुर-कुरुक्षेत्र राज्य राजमार्ग की खस्ता हाल के चलते बुबका चौक के पास शुक्रवार की शाम को ड्रमों से लदा ट्रक पलट गया। इससे करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा रहा। बुधवार को बारिश के दौरान लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से चार घंटे जाम लगा रहा था। अब फिर उसी स्थान पर ड्रमों से लदा ट्रक पलटा है। इस दौरान वाहन चालकों को गुजरने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों पर एसके रोड की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रादौर में टूटी हुई सड़क की शिकायत विभाग के अधिकारियों से कई बार की गई है। शिकायत करने पर भी सड़क की मरम्मत तक नहीं की गई। जिसको लेकर शहर व क्षेत्र के लोगों में पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। अमरीक सिंह, पूर्व पंच चरणजीत सिंह, छत्रपाल, कुलदीप गुप्ता, संदीप कांबोज आदि ने बताया कि एसके रोड रादौर में टूटा पड़ा हुआ है। यहां से हर रोज हजारों की संख्या में वाहन गुजरते है। यह सड़क मार्ग उत्तराखंड, हिमाचल, यूपी, पंजाब व अन्य प्रदेशों को आपस में जोड़ता है।
बुबका चौक से बस स्टैंड तक बरसाती पानी की कोई निकासी नहीं है। बारिश के पानी की निकासी न होने के कारण हल्की सी बारिश होने पर पानी जमा होने से टूट जाता है। जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। सरकार व प्रशासन को शहर में बुबका चौक से नए बस स्टैंड तक रोड के साथ नाले या सीवरेज की व्यवस्था करनी चाहिए। जिससे बरसाती पानी की निकासी हो सकें। जब तक प्रशासन की ओर से बरसाती पानी की निकासी नहीं की जाती तब तक इसी प्रकार सड़क टूटती रहेगी। इस बारे जेई ईशांत शर्मा ने बताया कि एसके रोड की जल्द से जल्द मरम्मत करवा दी जाएगी। पानी की निकासी का बरसात के बाद स्थायी समाधान किया जाएगा।