संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के गोविंदपुरी स्थित भगवान परशुराम सामुदायिक केंद्र में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान भक्ति में लीन तीन महिलाओं के गले से अज्ञात ने सोने की चेन झटक ली। वहीं, एक महिला का पर्स भी चोरी कर लिया गया। घटना के समय शिक्षामंत्री कंवरपाल, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व अन्य भाजपा नेता कार्यक्रम में उपस्थित थे।
जन्मोत्सव के समापन पर जब महिलाओं को गले से सोने की चेन गायब मिली तो हड़कंप मच गया। भगवान परशुराम सेवा मंच के पदाधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल को दी। इसके बाद शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह, रामपुरा चौकी इंचार्ज सतपाल सिंह व सीआईए स्टाफ के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित महिलाओं से बातचीत की। जांच के दौरान वीडियो क्लिप में एक महिला कुछ छुपाती हुई नजर आ रही है। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में गोविंदपुरी निवासी महिला जनक ने बताया कि कथा सुनने के लिए वह, वीना त्यागी व उमा त्यागी आई हुई थी। श्री कृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग पर श्रद्धालु भजनों पर नाच गाने लगे। इस दौरान भीड़ काफी थी। भीड़ के बीच किसी महिला ने जनक, वीना त्यागी व उमा त्यागी के गले से सोने की चेनें झटक ली।
कार्यक्रम समाप्ति के दौरान जब जनक को अपने गले से सोने की चेन गायब मिली तो उसने शोर मचाया। इसके बाद पता चला कि वीना त्यागी व उमा त्यागी के गले से भी सोने की चेने गायब हैं। इसके बाद कथा स्थल पर हड़कंप मच गया। एक महिला ने बताया कि उसका भी पर्स गायब है। दो अन्य महिलाओं ने बताया कि उन्हें भी ऐसा महसूस हुआ था कि उनके कान पर किसी ने हाथ डाला है, लेकिन वह किसी तरह बच गए।
पुलिस ने जब उस वीडियो की जांच की तो उसमें एक संदिग्ध महिला कुछ छुपाती हुई नजर आ रही है। इस महिला पर ही महिलाओं व अन्य लोगों ने शक जताया है। लोगों का कहना है कि इसी महिला ने इन घटनाओं को अंजाम दिया है। इसके साथ गिरोह में अन्य महिलाएं भी शामिल हो सकती है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जब सभी महिलाएं श्री कृष्ण जन्मोत्सव मना रही थी तो यह महिला उत्सव में खुशी मनाने की बजाए महिलाओं के बीच में उनके गलों की ओर देख रही है और कुछ छुपाती हुई नजर आ रही थी।
अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो क्लिपिंग में कैद हुई संदिग्ध महिला की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। सुखबीर सिंह प्रभारी शहर थाना