संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश भेजने का सपना दिखाकर युवक से 7.35 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने गांव पिंजोरी निवासी अविनाश कुमार की शिकायत के आधार पर पंचकूला निवासी दो आरोययों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अविनाश ने थाना छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी मोहित कुमार और मुकेश कुमार इमीग्रेशन का काम करते हैं। दोनों ने वहीं अपना कार्यालय खोल रखा है और लोगों को विदेश भेजने का दावा करते हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि फरवरी 2025 में वह दोनों आरोपियों के संपर्क में आया। आरोपियों ने उसे जल्द विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर अलग-अलग समय में उससे 7.35 लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही रुपये वापस किए गए।
अविनाश का आरोप है कि जब उसने आरोपियों से पैसे और विदेश भेजने को लेकर बातचीत की तो वे टालमटोल करने लगे और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। खुद को ठगा महसूस होने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।