प्लाईबोर्ड व अन्य उत्पाद खरीदकर एक फैक्टरी के चार साझेदारों ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स एशियन प्लाईबोर्ड और लिबास के मालिक से 12,44,175 रुपये की ठगी की। माल लेने के कुछ माह बाद आरोपियों ने फैक्टरी बेच दी। रुपये मांगने पर आरोपियों द्वारा दिया गया चेक भी बाउंस हो गया। दोबारा रुपये मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चारों पार्टनरों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरव बंसल ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी फर्म में प्लाईबोर्ड और इससे संबंधित उत्पादों का कारोबार करते है। लाल द्वारा निवासी दीपक सिंगला, उसकी पत्नी ज्योति, संदीप सिंगला व उसकी पत्नी नीना ने साझेदारी में दादूपुर रोड पर जगराओं प्लाईवुड इंडस्ट्रीज के नाम से फैक्टरी खोली हुई है। आरोपियों के साथ उनके व्यवसायिक संबंध थे। इसलिए आरोपी उनसे लाखों रुपये के प्लाईबोर्ड व अन्य उत्पाद खरीद कर ले जाते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी कई बार उनके पास से उत्पाद ले गए। वे उत्पाद खरीदने के बाद कुछ राशि का भुगतान मौके पर कर देते थे और कुछ राशि उधार रखते थे। उनकी फर्म के खाते के अनुसार मार्च माह तक आरोपियों पर उनकी 1244175 रुपये की राशि बकाया है। जब उसने आरोपी दीपक सिंगला से अपनी राशि मांगी तो उसने 23 मार्च को उनकी फर्म के नाम से 1244175 रुपये का चेक उन्हें दिया। जब उन्होंने यह चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। जब उन्होंने इस संबंध में आरोपियों से बातचीत की तो उन्हें उनकी राशि जल्द देने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने आज तक उनकी बकाया राशि को भुगतान नहीं किया। अब आरोपी रुपये मांगने पर उसे धमकियां दे रहे हैं। गौरव बंसल ने बताया कि अब आरोपी फर्म बेच चुके हैं और वे अब विदेश भागने की तैयारी में है। उन्होंने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। लीीकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उन्होंने कोर्ट में याचिका दायर की। शनिवार को शहर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी दीपक सिंगला, उसकी पत्नी ज्योति, संदीप सिंगला व उसकी पत्नी नीना के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मामले में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।