संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मॉडल टाउन स्थित संतपुरा गुरुद्वारा रोड पर प्रॉपर्टी डीलर शिवकुमार की हत्या के मामले में वारदात के चार दिन बाद भी हत्यारोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। दिनदहाड़े बाइक पर पहुंचे हमलावर ने शिवकुमार के सिर पर ईंट से हमला किया था। गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद से पुलिस की दो टीम आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। एसपी ने हत्यारे को पकड़ने के लिए सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमों को लगाया है। दोनों टीमें अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
इसके अलावा आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है। जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर वारदात से पहले इलाके में मौजूद था या अचानक मौके पर पहुंचा।
हत्या के पीछे किसी पुरानी रंजिश, निजी विवाद या कारोबारी लेनदेन से जुड़े विवाद की आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई है। सीआईए 1 प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मामले में हर पहलु को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है, जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।