संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया का तीसरा ऑनलाइन चरण चल रहा है। शनिवार को तीसरे चरण की प्रक्रिया का दूसरा दिन रहा। छुट्टी के बाद भी दाखिले के लिए समिति सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई थी। नोडल आईटीआई में शनिवार को कुल 64 दाखिले हुए।
दो दिन की प्रक्रिया में कुल 118 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। समिति के अनुसार यह अपेक्षाकृत काफी कम है। शुक्रवार को पहले दिन 54 दाखिले हुए थे। तीसरे चरण की प्रक्रिया में कुल 374 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई थीं। नोडल आईटीआई में दाखिला लेने को विद्यार्थियों में काफी रूचि दिखाई दे रही है।
तीसरे चरण की प्रक्रिया के लिए सुबह से ही नोडल आईटीआई में विद्यार्थी पहुंचने लगे थे। शनिवार को मौसम अन्य दिनों की अपेक्षा साफ रहा। ऐसे में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद थी। परंतु अपेक्षाकृत विद्यार्थी कम रहे। इस दौरान कुल 64 ही दाखिले किए जा सके। तीसरी वरीयता सूची में कुल 374 सीटें अलॉट की गई थीं।
दो दिन में कुल 118 सीटें भर गई हैं और 256 सीटें खाली हैं। हालांकि दो दिन दाखिला लेने वाले सभी विद्यार्थियों ने फीस जमा नहीं करवाई है। बिना फीस जमा करवाए उनकी सीट पक्की नहीं होगी। विभाग के शेड्यूल के अनुसार 11 अगस्त तक तीसरे चरण के लिए दस्तावेजों की जांच कर दाखिले दिए जाएंगे। अभी विद्यार्थियों के पास इसके लिए 12 अगस्त तक का दिन है।
दाखिला प्रक्रिया में 44 सीटें शामिल नहीं
तीसरे चरण के दूसरे चरण की प्रक्रिया के बाद नोडल आईटीआई की आधी सीटें भर गई हैं। नोडल आईटीआई की कुल 691 सीटों पर दाखिले हो गए हैं। नोडल आईटीआई में कुल 1,348 सीटें हैं और 657 सीटें खाली हैं। हालांकि तीसरे चरण की प्रक्रिया में कुल 1,304 सीटें दिखाई गई हैं। पोर्टल के अनुसार 1,304 में से 691 सीटें भर गई हैं और 613 सीटें बाकी है। चूंकि अभी 44 सीटें प्रक्रिया में शामिल नहीं की गई हैं। इन सीटों की डीजीटी की ओर से मैपिंग चल रही है। मैपिंग के बाद सभी सीटें प्रक्रिया में शामिल की जाएंगी।
नोडल आईटीआई में शनिवार को 64 दाखिले किए गए हैं। तीसरे चरण की रिक्त सीटों पर सोमवार को प्रक्रिया चलाई जाएगी और 11 अगस्त तक दस्तावेज जांचे जाएंगे। वहीं 12 अगस्त तक फीस जमा की जा सकेगी। - भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।