संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर के मुख्य बाजार स्थित शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार से लूट के मामले में अपराध शाखा-2 की टीम ने चार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। अदालत ने आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस उनसे लूट की वारदात, हथियारों और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि चार जुलाई की रात संदीप, पवन और सतबीर ने ज्वेलर्स से लूट की थी। इनके अन्य साथी बैकअप के लिए रास्ते में खड़े थे। आरोपी नीरज हथियारों का सप्लायर है और उसी ने वारदात के लिए हथियार उपलब्ध कराए थे।
मामले में पुलिस अब तक चार पिस्टल, एक कट्टा और दो बाइक बरामद कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को पटेहड़ा निवासी संदीप और मुनक निवासी नीरज को गिरफ्तार किया गया था। 13 जुलाई को कंजनू पुल के पास मुठभेड़ के बाद बरही निवासी पवन, खेड़ी तगा निवासी प्रवीण, बड़ी निवासी सतबीर और पटहेड़ा निवासी रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इलाज के बाद इन्हें जेल भेज दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक रवि पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत 22 मामले दर्ज हैं। संदीप पर भी गंभीर धाराओं के 22 मामले दर्ज हैं। नीरज पर हत्या, लूट, धोखाधड़ी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के 13 मामले दर्ज हैं। पवन, सतबीर और प्रवीण के खिलाफ भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।