यमुनानगर। न्यू हमीदा कॉलोनी निवासी हितेश अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत देकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत नहीं मिली है।
हितेश के अनुसार शनिवार सुबह उसके मोबाइल नंबर पर फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को आजाद नगर की शांति कॉलोनी निवासी लवप्रीत बताया और उससे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि पूर्व में हुए एक झगड़े में उसका नाम थाने में लिखवाया गया था। पुलिस जांच में उसका नाम मामले से हटा दिया गया था। हितेश का आरोप है कि इसी बात को लेकर लवप्रीत उससे रंजिश रखता है और अब उसे धमकी दी जा रही है। शहर यमुनानगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इस संबंध कोई शिकायत नहीं दी गई है, शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद