संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। निगम कार्यालय में शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम दास, मेयर मदन चौहान मुख्यातिथि, निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर व डिप्टी मेयर रानी कालड़ा वशिष्ठ अतिथि रहीं। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ अपनी राष्ट्रवादी सोच के कारण ही दुनिया में नंबर एक पर है। यह संघ राष्ट्रहित में मजदूरों की समस्याओं को दूर करने का काम कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रोशन लाल शर्मा ने की। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्ज्वलन और कलाकार विनोद शर्मा के देशभक्ति गीतों के किया गया। अतिथियों ने संघ के संस्थापक दंत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मेयर मदन चौहान ने कहा कि राष्ट्रहित, उद्योग हित और श्रमिक हित के मूल मंत्र को सजीव रूप से धारण करने वाला संगठन भारतीय मजदूर संघ है। यह मजदूर व कर्मचारियों के हितों में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के मजदूरों को राष्ट्र भावना से जुड़कर राष्ट्रहित के विकास को समर्थन करने की जरूरत है। यह धारणा तभी सफल मानी जाएगी, जब कर्मचारी राष्ट्र हित में कार्य करें।
डिप्टी मेयर रानी कालरा ने भी भारतीय मजदूर संघ की देश हित और मजदूर और कर्मचारी हित में कार्य करने की सराहना की। जिला मंत्री विजय कंबोज ने कहा की भारतीय मजदूर संघ प्रत्येक मजदूर व कर्मचारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कर खड़ा होता है। भारतीय मजदूर संघ कभी भी मजदूरों और कर्मचारियों के हितों के लिए बड़े से बड़े आंदोलन करने से पीछे नहीं हटता। आज चाहे स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर, सफाई कर्मचारी, आंगनाड़ी वर्कर, आशा वर्कर हो या पैक्स कर्मचारी हो, सभी को उनके अधिकार भारतीय मजदूर संघ के ही मार्गदर्शन से मिले हैं।
संघ के प्रदेश महामंत्री हवा सिंह महला कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ धीरज चावला संगठन मंत्री डॉ मधु धीमान निगम प्रधान मनोज प्रेस सचिव राजेश, ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर के प्रदेश अध्यक्ष जसबीर, महासचिव शिवदयाल, ग्रामीण सफ़ाई कर्मचारी संघ से बालक राम, राजेश, बिजली विभाग से आशीष धीमान, बिल्ट मजदूर संघ से अध्यक्ष अशोक, मंगत राम, रोडवेज के प्रधान संजीव कंबोज, करनैल सिंह राज कुमार, सुनीता, थर्मल संघ से मंगत राम, कविता आदि मौजूद रहीं।