जगाधरी की एक कॉलोनी में बारिश का पानी घर से गली में निकालने को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक भाई ने बेटे के साथ मिलकर दूसरे भाई पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके बेटे व पुत्रवधू के साथ भी मारपीट की। आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एक कॉलोनी निवासी
व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को बारिश होने के कारण उनके घर में पानी भर गया था। उसका पिता सड़क पर खड़े होकर घर से बारिश का पानी निकाल रहा था। तभी उसका चाचा राकेश सिंगला व उनका बेटा कशिश सिंगला अपने घर से बाहर आए और उसके पिता के साथ मारपीट करने लगे। वह और उसकी पत्नी बचाव में आए तो उन्होंने उसके साथ भी हाथापाई की। आरोपी ने इस दौरान उसकी पत्नी को अपशब्द कहें। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए तो दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
शहर जगाधरी थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों राकेश सिंगला व उसके बेटे कशिश सिंगला के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।