यूपी और पंजाब राज्य परिवहन की ओर से बसों के किराए में के बाद हरियाणा रोडवेज ने यूपी और पंजाब क्षेत्र के रूटों पर किराया बढ़ा दिया है। यूपी क्षेत्र में जाने वाले रूटों पर 10 पैसे प्रति किमी और पंजाब क्षेत्र के रूटों पर दो पैसे किमी का इजाफा किया गया है। यमुनानगर डिपो की तरफ से सभी कंडक्टरों को किराए के नए स्लैब का चार्ट दे दिया है।
किराए में बढोत्तरी से यमुनानगर से हरिद्वार जाना पांच रुपये और देहरादून जाने के लिए छह रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे। लंबे रूटों पर 10 रुपये तक बढ़ गए हैं। यमुनानगर से रोजाना करीब चार से पांच हजार लोग यूपी व पंजाब का सफर रोडवेज में करते हैं।
दरअसल एक जनवरी से यूपी रोडवेज ने 10 पैसे प्रति किलोमीटर व पंजाब राज्य परिवहन ने 2 पैसे प्रति किलोमीटर किराए में बढ़ोतरी की है। जिसके चलते यमुनानगर से हरिद्वार, सहारनपुर, मनाली, कांगडा, देहरादून इत्यादि मार्गों का किराया बढ़ाया गया है। इसी के मद्देनजर अब रोडवेज ने राउंड फिगर में किराया बढ़ाया है। इसके चलते ज्यादा रूटों के किराए में कोई फर्क नहीं पड़ा है। क्योंकि रोडवेज कर्मचारियों को खुले पैसे की दिक्क्त न होने इसलिए सभी रूटों के नए किराए पांच या दस रुपये के स्लैब में बढ़ाया है।
नया किराया स्लैब
- रूट पहले किराया नया किराया
- हरिद्वार 130 135
- कांगडा 465 470
- देहरादून 109 115
- मनाली 515 520