संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में शहीद पुलिसकर्मियों के स्वजनों को सम्मानित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल शेरगढ़ गांव में पहुंचे और शहीद इंस्पेक्टर बलजीत सिंह को श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधीक्षक ने शहीद के स्वजनों को सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि इंस्पेक्टर बलजीत सिंह जिला करनाल में पदासीन थे। पुलिस टीमें 31 मई 1992 को पाला राम नाम के आतंकी की तलाश में दबिश दी रही थी। उसके गांव में छापामारी की गई। वह नहीं मिला था। इस दौरान एक अन्य आतंकी जरनैल सिंह ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसमें इंस्पेक्टर बलजीत सिंह समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों को गोली लगी थी और बलजीत सिंह शहीद हो गए थे।
पुलिस स्मृति दिवस इन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जा रहा है। गांव में समारोह का आयोजन कर शहीदों के स्वजनों को सम्मानित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीदों ने देश के लिए जान दी। यह एक प्रयास है। जिससे इन शहीदों के परिवारों को भी याद किया जा सके। साथ ही ग्राम पंचायतों में जब इन शहीदों की याद में आयोजन होंगे, तो निश्चित रूप से इससे युवा देशसेवा के प्रति प्रेरित होंगे।