संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रोडवेज बस अड्डे यमुनानगर में निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लग पा रही है। यह हालात तब हैं जब दो दिन पहले बस स्टैंड में निजी वाहनों को लेकर रोडवेज के चालक-परिचालक के साथ न केवल मारपीट हुई बल्कि बसों का चक्का तक जाम हो गया था। साढ़े चार घंटे तक यात्रियों को बस न चलने की वजह से परेशानी झेलनी पड़ी थी।
यमुनानगर के अलावा जगाधरी बस स्टैंड भी निजी वाहनों के अड्डे बने हैं। सुबह से लेकर रात तक दोनों जगह निजी वाहन बेधड़क आते रहते हैं। यमुनानगर बस स्टैंड पर सबसे ज्यादा बुरा हाल है। वह भी तक जब यहां पर बस अड्डा प्रबंधक के साथ-साथ रोडवेज जीएम का कार्यालय भी है।
बस स्टैंड के अंदर जहां पर केवल रोडवेज व प्राइवेट बसों को ही आने जाने की अनुमति है वहां पर बाइक, कार बड़े आराम से आ जा रही हैं। जगाधरी व यमुनानगर दोनों ही बस स्टैंड पर कहीं भी सुरक्षाकर्मी नहीं है। इसलिए गेट पर उन्हें रोका नहीं जाता। कई बार तो वाहन बस स्टैंड के अंदर इतनी तेजी से जाते हैं कि बसों से टकराने से बाल-बाल बचते हैं।
इसी तरह यात्री भी इनकी चपेट में आने से बचते हैं। यमुनानगर बस स्टैंड में जिस तरह कर्मचारी यूनियनों के कार्यालय हैं वहां पर तो जगह-जगह निजी वाहन ही खड़े मिलते हैं। आज तक किसी ने भी इन्हें रोकने की जहमत नहीं उठाई। कई बार यह मामला रोड सेफ्टी की बैठक में भी उठा था।
इसे गंभीरता से लेते हुए जगाधरी बस स्टैंड के दोनों गेट पर वर्ष 2021 में बैरिकेडिंग कर दी गई थी। क्योंकि चौक पर चालान कटने के डर से वाहन बस स्टैंड के अंदर से निकल रहे थे। रोडवेज अधिकारियों ने दो से तीन दिन ही सख्ती दिखाई, इसके बाद फिर से वही हाल हो गया। कई बार कार गेट पर फंस जाती हैं और बस स्टैंड के अंदर से बसें बाहर नहीं निकल पाती। इससे गेट पर जाम लग जाता है।
बस स्टैंड के अंदर वाहनों पर लगे : महीपाल सोडे
रोडवेज यूनियन के प्रधान महीपाल सोडे का कहना है कि बस स्टैंड के अंदर बसों के अलावा कोई भी वाहन नहीं जाना चाहिए। निजी वाहनों की वजह से ही बस स्टैंड में इतना हंगामा हो गया था। कर्मचारियों को मजबूरी में बसों का चक्का जाम करना पड़ा। रोडवेज अधिकारियों को चाहिए कि वह बस स्टैंड के अंदर आने वाले वाहनों पर रोक लगाए। अब मारपीट हुई है, कल कोई गोली भी चला सकता है।
बस स्टैंड के अंदर वैसे तो किसी भी निजी वाहन को आने की अनुमति नहीं है। यह मामला थाना शहर यमुनानगर प्रभारी के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने पुलिस तैनात करके इस पर अंकुश लगाने की बात कही है। समझाने से भी लोग नहीं माने तो वाहनों के चालान किए जाएंगे। - संजय रावल, महाप्रबंधक, यमुनानगर डिपो।
यमुनानगर बस अड्डे के अंदर दो पहिया वाहन लेकर पहुंचे लोग। संवाद