राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ व हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ द्वारा दूसरे दिन भी जिला अध्यापक प्रशिक्षण केंद्र तेजली में जेबीटी अध्यापकों ने एफएलएन ट्रेनिंग का बहिष्कार किया गया। राज्य प्रधान जगजीत सिंह ने कहा कि जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने जेबीटी अध्यापकों को फिर से प्रशिक्षण लेने के लिए पत्र जारी कर दिया, इससे लग रहा है कि अध्यापकों को शिक्षण कार्य व बच्चों को शिक्षा से वंचित रखने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान शिक्षा अधिकारी को संघ के पदाधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण शिविर को रद्द करने का ज्ञापन दिया गया।
जिला प्रधान कुलवंत सिंह ने कहा कि बच्चों की वार्षिक परीक्षा के लिए केवल कुछ ही समय बचा है। ऐसे समय में बच्चों को अध्यापकों की ज्यादा जरूरत है। इस समय प्रशिक्षण शिविर लगाना उचित नहीं है। जिला महासचिव रामस्वरूप बपौली ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर को ऑनलाइन भी कराया जा सकता है।
उन्होंने सरकार से प्रशिक्षण शिविर को रद्द कर इसे ऑनलाइन कराए जाने की मांग की। इस दौरान ललित कंबोज, राकेश सैनी, सुरेंद्र कंबोज, बलविंद्र कुमार, नरेश कुमार, राजकुमार, सूरत सिंह, कृष्णपाल राणा, रामेश्वर बापा, सतिंद्र कुमार, मनोज प्रजापति, मुकेश शर्मा, संजय कांबोज, सुरेंद्र सैनी, जोगिंदर ढांडा, संदीप पिलानिया, अमित कुमार, कुलदीप सिंह, सतीश कुमार, राकेश सांगवान, मांगेराम, अशोक भारती आदि उपस्थित रहे।