यमुनानगर। जगाधरी के महाराजा अग्रसेन चौक के पास रोडवेज बस से उतरते समय कॉलेज छात्रा नीचे गिरकर घायल हो गई। छात्रा को उसकी सहेली ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। छात्रा के परिजनों ने बस चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए। फिलहाल पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।
गांव देवधर निवासी स्वाति ने बताया कि वह शहर के गुरु नानक बीएड कॉलेज की छात्रा है। वह शुक्रवार सुबह ऑटो में सवार होकर कॉलेज जा रही थी। इस दौरान छछरौली की तरफ से एक रोडवेज बस जगाधरी बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। जब बस जगाधरी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज के पास रुकी। बस से कॉलेज की छात्रा गांव भूड़ माजरा निवासी 19 वर्षीय सृष्टि उतरने लगी।
विज्ञापन
आरोप है कि तभी बस चालक ने बस चला दी। इससे सृष्टि सिर के बल नीचे गिरकर घायल हो गई। उसके सिर से खून बहने लगा। हादसे के बाद चालक ने बस नहीं रोकी और बस लेकर वहां से चला गया। तब ऑटो से उतरकर घायल सृष्टि को अन्य लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया और हादसे के बारे में फोन कॉल कर सृष्टि के परिजनों को बताया।
सृष्टि के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने बस चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए। चिकित्सक ने सृष्टि की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। अस्पताल में पहुंचे घायल छात्रा सृष्टि के भाई अमन ने बताया कि वह रोडवेज चालक की शिकायत करेंगे। चालक की यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी। अमन ने बताया कि सृष्टि की शुक्रवार को परीक्षा थी, जो वह हादसे के चलते नहीं दे पाई।