संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। मोहल्ला वास्तियान में सनातन धर्म के पास रहने वाले लोगों ने गली व नालियों के निर्माण में घटिया सामग्री लगाने के आरोप लगाए हैं। लोगों का आरोप है कि इस गली व नालियों में घटिया सामग्री लगने के कारण नालियां चालू होने से पहले ही टूटनी शुरु हो गई है। ऐसे में लोगों में भारी रोष है।
सोनू दुआ व नीरज कुमार ने बताया कि मोहल्ले में पानी की उचित निकासी न होने के कारण हर वर्ष मानसून के सीजन में घरों में जलभराव हो जाता है। जिसके कारण लोगों को आर्थिक तंगी के अलावा कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मानसून के सीजन में सबसे अधिक जलभराव इसी मोहल्ले में होता है।
इससे लोगों के घरों में कई फीट तक पानी भरने से घरेलू सामान खराब हो जाता है। मोहल्ले के प्रेम, शशी व जंगशेर ने बताया कि मानसून सीजन में ओर भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से गली निर्माण में बरती गई घटिया सामग्री की उचित जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की है।