जिससे निकाह करके घर लाया, उस पत्नी को गलत धंधे में धकेल कर पैसे कमाने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं जब महिला ने विरोध किया तो उसे पीटकर घर से निकाल दिया और फिर फोन पर तीन बार तलाक देकर छोड़ दिया। मंगलवार को पीड़ित महिला अपने एक साल के बच्चे को लेकर लघु सचिवालय पहुंची और एसपी व सीएम विंडो पर न्याय की गुहार लगाई।
शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह यूपी के बिजनौर जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति से चार मई 2018 को हुआ था। निकाह में उसके परिजनों ने अपनी हैसियत से बढ़कर जरूरत का सारा सामान दिया था। उसके मायके वालों ने निकाह में करीब पांच लाख रुपये खर्च किया था। आरोप है कि निकाह में दिए गए सामान से उसका पति, ससुर, सास व देवर संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि निकाह के कुछ दिनों बाद से आरोपी उसे परेशान करने लगे। आरोपियों ने कहा कि तेरे माता पिता ने निकाह में केवल बाइक दी है, हमारे बेटे के ऐसे रिश्ते आ थे, जहां से उन्हें कार मिलने की उम्मीद थी। इसलिए अपने घर से आल्टो कार व एक लाख रुपये लेकर आएं। लेकिन उसने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। जिसपर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसकी सास का चाल चलन बहुत खराब है। उसका देवर व ससुर भी उस पर बुरी नजर रखे हुए हैं। कई बार आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। एक दिन वह घर पर अकेली लेटी हुई थी। उसी समय उसका देवर उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इसी साल 23 मई को उसने एक लड़के को जन्म दिया। जिसपर उसके मायके वाले उसे देखने के लिए घर गए। लेकिन उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने निकाह में कार व एक लाख रुपये न देने पर उन्हें प्रताड़ित किया और उन्हें घर से निकाल दिया। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने इसके बाद उसे कहा कि यदि तुम अपने मायके से पैसे व कार लेकर नहीं आती तो गलत काम कराकर पैसे कमाकर देना होगा। इसी नीयत से उसके ससुर ने अपने घर पर आए कुछ लोगों से उस पर संबंध बनाने का जोर दिया, लेकिन उसने ऐसा गलत काम करने से साफ मना कर दिया। जिसपर आरोपियों ने उससे मारपीट की और घर से निकाल दिया। उसने अपने मायके वालों को आपबीती सुनाई। उसके मायके वालों ने आरोपियों से फोन पर बातचीत की। लेकिन आरोपियों ने उसे अपने घर रखने से साफ मना कर दिया। कुछ दिन पहले उसके पति ने अन्य ससुराल वालों के साथ मिलकर उसे फोन किया। फोन पर आरोपी ने उसे साफ तौर पर कहा कि मैं तुम्हें अपने घर नहीं रखूंगा। मैं दूसरा निकाह कर रहा हूं। इसलिए मैं तुम्हें तलाक दूंगा। यह कहकर आरोपी ने फोन पर ही तीन बार तलाक कहकर संबंध तोड़ लिए। महिला ने कहा कि उसके पति ने फोन पर ही तीन बार तलाक कहकर गैर कानूनी तरीके से तलाक दिया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
महिला की तरफ से हमारे पास शिकायत आई है। संबंधित पुलिस को मामले की जांच के लिए कहा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद मामले में जो तथ्य सामने आएंगे। उन्हीं के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप सिंह, एसपी।