माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। स्नातक कोर्स में दाखिले वंचित विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने जिले के सभी सरकारी कॉलेजों के 10 फीसदी सीटें बढ़ा दी हैं। संबंधित कॉलेज अपनी सुविधा के अनुसार 10 फीसदी विद्यार्थियों का दाखिला कर सकते हैं। दाखिले के लिए विद्यार्थी 25 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे। यह दाखिला प्रक्रिया ओपन काउंसिलिंग के जरिए पूरी की जाएगी। इसके लिए 26 अक्तूबर को भौतिक सत्यापन होगा।
दरअसल बीए व बीकॉम जैसे सामान्य कोर्स में सीटें तुरंत भर जाती हैं। जिसमें काफी बड़ी संख्या में विद्यार्थी दाखिले से वंचित रह जाते हैं। कोरोना के चलते इस बार सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड ने 12वीं के सभी बच्चों को पास कर दिया था। ऐसे में जिनके ज्यादा अंक थे, उनके तो दाखिले हो गए, लेकिन जिनके नंबर कम थे। वे विद्यार्थी दाखिले से वंचित रह गए। ऐसे में काफी बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावकों ने मुख्यालय में अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी। इस पर उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने 10 फीसदी सीटें बढ़ोतरी करने का फैसला लिया।
कॉलेजों में बढ़ी हुई सीटों पर 25 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है। हालांकि जो सीटें बढ़ाई गई हैं, उनके कैटेगरी का भी ध्यान रखा जाएगा और सामान्य सीट पर सामान्य विद्यार्थी और आरक्षित सीट पर आरक्षित वर्ग के विद्यार्थी का ही दाखिला किया जाएगा। दाखिले के लिए विद्यार्थियों को परिवार पहचान पत्र, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, डीएमसी माइग्रेशन सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, एनसीसी, एनएसएस सर्टिफिकेट व जाति प्रमाण पत्र के साथ कॉलेज पहुंचना होगा। दाखिले के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल की भी जरूरत पड़ेगी।
राजकीय महाविद्यालय छछरौली की प्राचार्या डॉ. बलजीत कौर का कहना है कि सभी सरकारी कॉलेजों में सीटें बढ़ा दी गई हैं। कॉलेज ओपन काउंसिलिंग के जरिए रिक्त सीटों पर दाखिला कर सकते हैं। सीटें बढ़ने से जिले के कॉलेजों में डेढ़ सौ से दो सौ अतिरिक्त विद्यार्थियों का दाखिला हो सकेगा। उन्होंने बताया कि कुछ कोर्सों में सीटें रिक्त भी हैं। इन कोर्सों के लिए भी पोर्टल खुला है। विद्यार्थी अपने पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन कर अपना दाखिला सुनिश्चित करवा सकते हैं।
किस कालेज में कितनी सीटें बढ़ीं
राजकीय कालेज छछरौली 88
राजकीय कालेज अहड़वाला 36
राजकीय कालेज रादौर 29
राजकीय कालेज सरस्वतीनगर 24
राजकीय कालेज प्रतापनगर 6