संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के वार्ड नंबर एक की द्वारिकापुरी कॉलोनी के निवासियों को जल्द ही बेहतर सड़क और जल निकासी की सुविधा मिलेगी। मेयर सुमन बहमनी ने पूर्व मंत्री कंवरपाल और पार्षद रीना रस्तोगी की मौजूदगी में शनिवार को 49 लाख 5 हजार 520 रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में सड़क को मजबूत करने, नई सड़क बनाने और एनपी-2 पाइप लाइन बिछाने का काम शामिल है।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि अंबाला रोड से सहगल ट्रेडिंग कंपनी तक की सड़क को मैस्टिक एस्फाल्ट से मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा सहगल ट्रेडिंग कंपनी से तरुण इलेक्ट्रिकल तक नई सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एनपी-2 पाइप लाइन भी बिछाई जाएगी। इन कार्यों को पूरा करने की समय सीमा चार अप्रैल-2027 निर्धारित की गई है।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार की ओर से तीन वर्ष यानी 1095 दिन की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि रहेगी। नगर निगम की प्राथमिकता सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। सड़क और जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
पूर्व मंत्री कंवरपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम शहरों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। यमुनानगर-जगाधरी में सड़कों, नालियों और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करवाए जा रहे हैं। मौके पर पूर्व पार्षद संजय राणा, कनिष्ठ अभियंता गोपाल सैनी, प्रभा सागर, जेएन कश्यप, जतिन शर्मा, लज्जा राम, कुलदीप वालिया, अशोक मेहंदीरत्ता और प्रांजल रस्तोगी सहित अन्य मौजूद रहे।