संवाद न्यूज एजेंसी
प्रताप नगर। मंडियों धान की आवक होनेे शुरू हो गई है और सरकारी खरीद एक अक्तूबर से शुरू होनी है। वहीं प्रताप नगर अनाज मंडी में विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। धान का सीजन शुरू होने से कुछ दिन पहले ही मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से सड़कें बनाई जा रही है।
अनाज मंडी की सड़कों के लिए दो साल पहले लगभग 2 करोड़ रुपये का एस्टीमेट पास हुआ था, जिसमें अनाज मंडी का शेड और गलियां बनाई जानी थी, लेकिन 2 साल से काम अटका पड़ा है। खास बात तो यह है जब-जब अनाज का सीजन शुरू होता है तो उसी दौरान मार्केटिंग बोर्ड भी मंडी में सड़क बनाने का काम शुरू कर देता है, जिससे फसल लेकर आने वाले किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
किसान रामपाल, श्याम सिंह, कर्मवीर आदि ने बताया कि जैसे ही मंडी का सीजन शुरू होता है, वैसे ही मार्केटिंग बोर्ड भी मंडी में गलियां बनाने का काम शुरू कर देता है, जिससे मंडी में अनाज लेकर आने वाले किसानों को जगह नहीं मिल पाती और किसान अपना अनाज लेकर इधर-उधर भटकते रहते हैं। किसानों ने सरकार से मांग की है कि मंडियों में मरम्मत या अन्य विकास कार्य करने के लिए सीजन से पहले का समय चुनना चाहिए।
इस बारे में मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन सतीश कुमार का कहना है कि उन्होंने दो दिन पहले ही चार्ज संभाला है। इस बारे में वह कागजात देख कर ही कुछ बता सकेंगे। मार्केटिंग बोर्ड के सचिव संत कुमार का कहना है कि उनका काम सीजन में आने वाले अनाज की सही व्यवस्था करना है। मंडियों में मरम्मत आदि का काम करना दूसरे विभाग की जिम्मेदारी है।