संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेयर मदन चौहान ने शुक्रवार को वार्ड नंबर चार के बुड़िया, भगवानगढ़, चनेटी गांव का दौरा किया। उन्होंने लोगों बुड़िया में सीवरेज डालने से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और गलियों के जल्द पुनर्निर्माण का भरोसा दिया और मौके पर मौजदू एक्सईएन एलसी चौहान को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए सीएसआई हरजीत सिंह व सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज को निर्देशित किया।
मेयर मदन चौहान प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह मेयर मदन चौहान, एक्सईएन एलसी चौहान, सीएसआई हरजीत सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज, सचिन कांबोज, एमई पंकज ढांडा, जेई मोनी सैनी के साथ वार्ड नंबर चार के भगवानीगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने पहले गांव की फिरनी व गलियों का दौरा किया। इसके बाद गांव के जोहड़ का निरीक्षण किया। चौहान ने पानी की निकासी को लेकर नालों के निर्माण व जोहड़ की सफाई करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद मेयर चौहान व निगम अधिकारी गांव चनेटी पहुंचे। यहां उन्होंने गांव की गलियों, फिरनी व नालों का निरीक्षण किया। साथ ही गांव की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
चनेटी गांव के बाद मेयर चौहान गांव बुड़िया पहुंचे। यहां उन्होंने मेन बाजार समेत बुड़िया के कई मोहल्लों व गलियों का दौरा किया। लोगों ने गलियों में सीवरेज डालने के बाद क्षतिग्रस्त हुई गलियों व सड़कों की समस्या बताई। मेयर चौहान ने एक्सईएन एलसी चौहान, एमई पंकज ढांडा व जेई मोनी सैनी को सभी क्षतिग्रस्त सड़कों के एस्टीमेट तैयार कर जल्द से जल्द निर्माण करवाने के निर्देश दिए।
मेयर चौहान ने इस दौरान घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने सफाई से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया। मेयर चौहान ने कहा कि हर वार्ड में विकास कार्य करवाए जा रहे है। लोगों की समस्याएं सुनने के लिए वह खुद वार्डों का दौरा कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का निपटारा कर शहर को स्मार्ट सिटी बनाना है। इस मौके पर अशोक चनेटी, मनीष, एडवोकेट हरेंद्र सिंह, राजेश शर्मा, मोहन लाल, सुभाष आदि मौजूद रहे।