रेलवे रोड स्थित न्यू मार्केट में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते शहर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहा। आरोपी मोबाइल पर क्रिकेट एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे। आरोपी के पास से सट्टे की 95 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
थाना शहर प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे रोड पर न्यू मार्केट में आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर मेहर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई राम प्रसाद, एएसआई रामपाल, हेड कांस्टेबल निर्मल व जगतार को शामिल किया गया। टीम ने न्यू-मार्केट में दबिश देकर मोबाइल से आईपीएल मैच पर सट्टा लगा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। जबकि एक आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की जांच की गई तो उसके पास से मोबाइल और सट्टे में लगाई गई 95 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। आरोपी की पहचान राजा राम गली निवासी मयूर गुप्ता के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सुभाष गली न्यू मार्केट निवासी सुमित के लिए काम करता था। एसएचओ अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मयूर ने आईपीएल पर सट्टा लगाना कबूला है। वे मोबाइल पर क्रिकेट एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगाते थे। फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।