मदरसे के मास्टर मुबारक ने उसे धमकाया।
कस्बा खिजराबाद के गांव बांबेपुर के एक मदरसे में बच्चों को काम न करने पर जंजीरों से बांध दिया गया। बच्चों के पिता की शिकायत पर मदरसे के मौलवियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बांबेपुर निवासी अयूब ने खिजराबाद पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दो बेटे महताब व अनीश गांव में बने एक मदरसे में पढते हैं। गत 28 जुलाई को मदरसे के मौलवी ने महताब को जंजीर से बांध दिया। अयूब ने बताया कि उन्होंने उस समय भी मौलवी शबीर व मुबारक को कहा था कि बच्चों के साथ दोबारा ऐसा नही होना चाहिए। लेकिन दोनों बच्चों को मदरसे के मौलवी द्वारा इसके बाद भी बंधक बनाया गया।
अयूब ने बताया कि वह शनिवार को अपने बच्चों से मिलने के लिए मदरसे में गया तो उसके बेटे अनीश के पैरों में जंजीर बंधी हुई थी। अयूब ने मौलवियों से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि जो भी बच्चा काम नहीं करेगा व उनकी बात नहीं मानेगा, उनके साथ ऐसा ही होगा। अयूब ने आरोप लगाया कि मदरसे के मास्टर मुबारक ने उसे धमकाया।
इसके बाद अयूब ने खिजराबाद पुलिस में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने मदरसे के मौलवी शब्बीर व मुबारक के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।