फर्कपुर की जवाहर नगर कालोनी में विवाहिता का शव रसोई में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है विवाहिता बेटे को गंजा करने से परेशान थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
जवाहर नगर कॉलोनी निवासी अमित की शादी वर्ष 2012 में अंबाला के गांव समालखा निवासी पूजा (25) के साथ हुई थी। होली से दो दिन पहले पूजा ने मायके जाना चाहती थी। त्योहार होने के कारण उसके पति ने उसे होली के बाद जाने को कहा। वीरवार को उसकी पत्नी पूजा को अपने पांच वर्षीय बेटे दिव्यान को लेकर मायके जाना था। इस पर उसने अपने पति को बेटे दिव्यान के बाल कटवाने को कहा। बताया जा रहा है कि घर पर ही इलेक्ट्रानिक मशीन से बेटे के बाल काट कर उसे गंजा कर दिया गया। इसी बात से पूजा परेशान थी। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह वह उठकर रसोई में चली गई और अंदर की कूंडी लगा ली। जब उसका पति अमित रसोई में पानी-पीने के लिए गया तो रसोई का दरवाजा बंद होने के कारण उसने दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो पति ने अन्य परिजनों को बुलाया और दरवाजे को तोड़ दिया। परिजनों ने पूजा को चुन्नी से फंदे पर लटका देखा। पति अमित ने तुरंत अपनी पत्नि को फंदे से उतार कर शहर के निजी अस्पताल में ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। फर्कपुर थाना प्रभारी विरेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। मामले में 174 की कार्रवाई की गई है।